आग में जली मेहनत

बरेली मीरगंज क्षेत्र में गेहूं की फसल में भीषण आग, चार एकड़ फसल जलकर राख, किसानों को भारी नुकसान।

आग में जली मेहनत
आग में जली मेहनत
HIGHLIGHTS:

गेहूं के खेत में अचानक भीषण आग

चार एकड़ फसल जलकर राख

ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से आग पर पाया काबू

किसानों को भारी आर्थिक नुकसान

करण पाल सिंह। जन माध्यम
मीरगंज/बरेली। पसीने से सींची गई फसल जब आंखों के सामने राख बन जाए, तो किसान के दिल पर क्या गुजरती है, यह वही समझ सकता है। मीरगंज क्षेत्र के गांव मनकरा में ऐसा ही दर्दनाक मंजर देखने को मिला।

तहसील क्षेत्र के इस गांव में अचानक गेहूं के खेत में भीषण आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। गर्मी और तेज पछुआ हवा ने आग को और भड़का दिया, जिससे उसे बुझाना बेहद मुश्किल हो गया।

यह आग गांव निवासी हरीश गंगवार, सत्यवीर गंगवार, जसवंत गंगवार, फूलचंद गंगवार और रामदेई पत्नी स्वर्गीय सोहनलाल के खेतों में खड़ी पकी गेहूं की फसल में लगी थी। देखते ही देखते करीब चार एकड़ फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दिया। ट्रैक्टर से खेत जोतकर आग को आगे बढ़ने से रोक दिया गया और बड़ी मुश्किल से उस पर काबू पाया गया।

इस हादसे ने किसानों को गहरा आर्थिक झटका दिया है। कई महीनों की मेहनत और उम्मीदें कुछ ही पलों में खत्म हो गईं। गांव में इस घटना के बाद मायूसी का माहौल है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आगे की कार्यवाही की बात कही जा रही है।