मीरगंज में हाईवे किनारे खाई में गिरी रोडवेज बस, 6 यात्री घायल, मची चीख-पुकार

मीरगंज में नेशनल हाईवे 530 पर शनिवार दोपहर बड़ा हादसा। ड्राइवर को झपकी आने से बरेली डिपो की रोडवेज बस खाई में गिरी, 6 यात्री घायल।

मीरगंज में हाईवे किनारे खाई में गिरी रोडवेज बस, 6 यात्री घायल, मची चीख-पुकार
HIGHLIGHTS:

शनिवार दोपहर करीब 1 बजे मुरादाबाद से बरेली आ रही यूपी रोडवेज बस मीरगंज क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त।

चालक को अचानक नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे 530 से नीचे खाई में उतरी।

पेड़ों को तोड़ती हुई सीधे एक पेड़ से टकराई बस, सवारियों में मची चीख-पुकार; हादसे में 6 यात्री गंभीर रूप से घायल।

सूचना पर पहुँची पुलिस टीम ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी मीरगंज में कराया भर्ती; चालक-परिचालक फरार।

करण पाल सिंह/जन माध्यम
 बरेली। जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे 530 पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। मुरादाबाद से बरेली की ओर आ रही उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपी रोडवेज) की एक बस के चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। इसके चलते तेज रफ्तार बस पूरी तरह बेकाबू होकर हाईवे किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त बस के अंदर बैठे मुसाफिरों में कोहराम मच गया और चीख-पुकार शुरू हो गई। इस दुर्घटना में छह यात्री आंशिक और गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1:00 बजे बरेली डिपो की रोडवेज बस (संख्या- UP 78 FT 9029) मुरादाबाद से सवारियां लेकर बरेली की तरफ आ रही थी। जैसे ही बस मीरगंज क्षेत्र के नल नगरिया से आगे बढ़ी, तभी गूला रोड पर स्थित प्राइमरी स्कूल के सामने ड्राइवर की आंख लग गई। झपकी आते ही बस सीधे हाईवे से नीचे उतर गई और सड़क किनारे खड़े झाड़-झंखाड़ व पेड़ों को तोड़ती हुई एक भारी पेड़ से जाकर टकरा गई। गनीमत यह रही कि रफ्तार नियंत्रित होने के कारण बस पलटी नहीं, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी।

हादसे में घायल हुए नागरिकों की पहचान पुलिस द्वारा कर ली गई है। घायलों में जनपद रामपुर के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सराय गेट निवासी फरमान खां (29 वर्ष) पुत्र पुत्तन खां और आसमा (57 वर्ष) पत्नी पुत्तन खां शामिल हैं। वहीं अन्य चार घायलों में बरेली के कस्बा व थाना फरीदपुर निवासी अमान (16 वर्ष) पुत्र आदिल, आदिल (56 वर्ष) पुत्र फजहर अहमद, हीरा (20 वर्ष) पुत्री आदिल और फरहाना बी (54 वर्ष) पत्नी आदिल शामिल हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों और पुलिस की पीआरवी टीम ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और घायलों को 108 व निजी एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मीरगंज में इलाज के लिए भिजवाया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस के टकराते ही चारों तरफ अफरा-तफरी फैल गई, जिसका फायदा उठाकर रोडवेज बस का चालक और परिचालक (कंडक्टर) दोनों मौके से भाग निकले। स्थानीय थाना पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना के संबंध में तत्काल प्रभाव से रोडवेज कंट्रोल रूम बरेली को सूचित कर दिया गया है ताकि क्रेन मंगाकर बस को खाई से निकाला जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हाईवे पर यातायात पूरी तरह से सुचारू रूप से चल रहा है और कानून व शांति व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। अभी तक किसी भी घायल पक्ष या परिजनों की ओर से थाने में विधिक कार्रवाई हेतु कोई लिखित प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।