कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, प्रमुख सचिव और डीजीपी ने दिए सख्त निर्देश
बरेली के सर्किट हाउस में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रमुख सचिव एस.पी. गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
• कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर सर्किट हाउस में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक।
• प्रमुख सचिव एस.पी. गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण ने सुरक्षा एवं सुविधाओं के दिए निर्देश।
• लापरवाही मिलने पर अधिकारियों को यात्रा से पहले सभी कमियां दूर करने के आदेश।
जन माध्यम
बरेली। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को सर्किट हाउस में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव एस.पी. गोयल और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने बरेली एवं मुरादाबाद मंडल के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ यात्रा की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।
समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कांवड़ शिविर, मेडिकल बूथ, प्राथमिक उपचार, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और सड़क मरम्मत जैसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
प्रमुख सचिव और डीजीपी ने कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा में चूक स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने शरारती एवं अराजक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कुछ स्थानों पर तैयारियों में कमियां सामने आने पर दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित विभागों को फटकार लगाते हुए निर्देशित किया कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी कमियों को हर हाल में दूर किया जाए।
कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस में आयोजित इस बैठक में प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।