बरेली में ICAI की शाखा द्वारा राष्ट्रीय सम्मेलन 'संवाद' का आयोजन 27-28 दिसंबर को

ICAI बरेली शाखा द्वारा 27-28 दिसंबर 2025 को एग्जीक्यूटिव क्लब में राष्ट्रीय सम्मेलन ‘संवाद’ आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में AI, फॉरेंसिक ऑडिट और प्रोफेशनल स्किल्स जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

बरेली में ICAI की शाखा द्वारा राष्ट्रीय सम्मेलन 'संवाद' का आयोजन 27-28 दिसंबर को
बरेली में ICAI की शाखा द्वारा राष्ट्रीय सम्मेलन 'संवाद' का आयोजन 27-28 दिसंबर को
HIGHLIGHTS:

➡️ ICAI बरेली शाखा का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘संवाद’
➡️ 27-28 दिसंबर को एग्जीक्यूटिव क्लब, बरेली में आयोजन
➡️ देशभर से चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और प्रोफेशनल्स की सहभागिता
➡️ AI, फॉरेंसिक ऑडिट और डिजिटल टेक्नोलॉजी पर सत्र
➡️ प्रख्यात CA वक्ताओं द्वारा विशेषज्ञ मार्गदर्शन
➡️ वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना मुख्य अतिथि

जन माध्यम। बरेली।

द इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की बरेली शाखा द्वारा 27 और 28 दिसंबर 2025 को एग्जीक्यूटिव क्लब, बरेली में राष्ट्रीय सम्मेलन 'संवाद' का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और प्रतिष्ठित प्रोफेशनल्स भाग लेंगे।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की बदलती पेशेवर भूमिका, राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी तथा नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए उभरते अवसरों पर गहन चर्चा करना है। सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), फॉरेंसिक ऑडिट, डिजिटल और क्लाउड आधारित तकनीक, ग्लोबल नेटवर्किंग तथा आधुनिक प्रोफेशनल स्किल्स जैसे समसामयिक विषयों पर विशेष सत्र आयोजित होंगे। देश के प्रख्यात वक्ता अपने विचार साझा करेंगे।

प्रमुख वक्ताओं में सीए कपिल गोयल, सीए पंकज शाह, सीए रुद्र मूर्ति, सीए कपिल वैश्य, सीए राजेंद्र शाह और सीए उत्तम मोदी शामिल हैं, जो अपनी विशेषज्ञता से प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना होंगे। विशिष्ट अतिथियों में बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) के उपाध्यक्ष श्री मणिकंदन ए., महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के. पी. सिंह तथा भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) के निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त शामिल होंगे।

ICAI बरेली शाखा का मानना है कि यह सम्मेलन चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे को नई दिशा देगा और समाज में बौद्धिक ऊर्जा एवं पेशेवर उत्कृष्टता को मजबूत करेगा।

इस अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सम्मेलन अध्यक्ष सीए रतन गुप्ता, शाखा अध्यक्ष सीए अमित टंडन, उपाध्यक्ष सीए नीरज अग्रवाल, सचिव सीए विनीश अरोड़ा, कोषाध्यक्ष सीए गौरव अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य सीए सुमित अग्रवाल एवं सीए अंकित मेहरा तथा मीडिया प्रभारी सीए प्रदीप तिवारी, सीए मनोज मंगल एवं सीए अरविंद सिंह उपस्थित रहे।