शक ने उजाड़ दिया घर: पति ने पीट-पीटकर ली पत्नी की जान, श्मशान में मिला शव

बरेली के भूता क्षेत्र के रावलकलां गांव में पति ने शक के चलते पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। सुबह श्मशान भूमि में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

शक ने उजाड़ दिया घर: पति ने पीट-पीटकर ली पत्नी की जान, श्मशान में मिला शव
मृतक का फाइल फोटो
HIGHLIGHTS:

पति ने शक में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या की।

सुबह श्मशान भूमि में मिला महिला का शव।

पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया।

जन माध्यम

बरेली के भुता थाना क्षेत्र के गांव रावलकलां में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने श्मशान भूमि में एक महिला का शव पड़ा देखा। सुबह-सुबह श्मशान की ओर गए लोगों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। देखते ही देखते खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

शक ने लिया खौफनाक रूप

मृतका की पहचान 30 वर्षीय मंजू देवी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि मंजू देवी की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके पति भीमसेन ने ही की है। बताया जा रहा है कि भीमसेन अपनी पत्नी पर शक करता था और उसे संदेह था कि मंजू का किसी युवक से संबंध है। यही शक धीरे-धीरे दोनों के रिश्ते में जहर घोलता गया और आखिरकार यह विवाद एक खौफनाक अंजाम तक पहुंच गया।

देर रात हुआ विवाद, बेरहमी से पीटकर हत्या

बताया जाता है कि सोमवार देर रात पति-पत्नी के बीच इसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हुई। गुस्से में आकर भीमसेन ने मंजू देवी के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने इतनी बेरहमी से पीटा कि मंजू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घबरा गया और रात के अंधेरे में शव को घर से उठाकर गांव की श्मशान भूमि में ले जाकर फेंक आया, ताकि किसी को शक न हो सके।

सुबह ग्रामीणों ने देखा शव

मंगलवार सुबह जब कुछ ग्रामीण श्मशान भूमि की ओर से गुजर रहे थे, तब उन्हें वहां महिला का शव पड़ा दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर लोग दहशत में आ गए। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए।

पुलिस हिरासत में आरोपी पति

पुलिस के अनुसार महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान पाए गए हैं, जिससे साफ अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसे बुरी तरह पीटा गया था। पुलिस ने आरोपी पति भीमसेन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।