आर्थिक तंगी ने छीन ली एक और जिंदगी
बरेली के आंवला क्षेत्र में मेडिकल संचालक ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली पुलिस मामले की जांच में जुटी
मेडिकल संचालक ने की आत्महत्या
आर्थिक तंगी से बताया जा रहा कारण
परिवार में मचा कोहराम
पुलिस कर रही जांच
जन माध्यम
बरेली। जब जिम्मेदारियों का बोझ उम्मीदों से भारी हो जाता है तो जिंदगी की राह अचानक थम जाती है और पीछे रह जाता है सिर्फ दर्द और खामोशी। आंवला क्षेत्र में एक मेडिकल संचालक ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
थाना आंवला क्षेत्र के गांव कटकरमन निवासी 35 वर्षीय पंकज सिंह राठौर ने घर में तमंचे से खुद को गोली मार ली। वह आंवला में मेडिकल की दुकान चलाते थे, लेकिन पिछले चार महीनों से दुकान बंद होने के कारण आर्थिक परेशानी में घिरे हुए थे।
पुलिस के अनुसार घटना के समय वह घर में अकेले थे। गोली की आवाज के बाद परिजनों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि आर्थिक तंगी के चलते वह तनाव में थे और इसी कारण यह कदम उठाया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि तमंचा कहां से आया।
मृतक के परिवार में पत्नी बीना देवी और दो बेटियां हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।