बाबा साहब ने भारत को दिया समावेशी संविधान : स्वतंत्र देव सिंह
1. भाजपा की ओर से अंबेडकर जयंती पर जिला स्तरीय गोष्ठी, जल शक्ति मंत्री ने विचार साझा किए
बरेली। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर भाजपा ने सिद्धिविनायक कॉलेज के ऑडिटोरियम में डॉ. अंबेडकर सम्मान अभियान के तहत जिला स्तरीय गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यूपी सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह रहे। उन्होंने डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बाबा साहब एक व्यक्ति नहीं, बल्कि विचारधारा हैं। उन्होंने दलित समाज से निकलकर शिक्षा और संघर्ष के बल पर जो समावेशी संविधान देश को दिया, वो आज भी हमारा मार्गदर्शक है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने बाबा साहब के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं—चाहे वह 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित करना हो या बाबा साहब के पंचतीर्थों का विकास।
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री डी.पी. भारती ने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने डॉ. अंबेडकर को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया, जबकि भाजपा ने उन्हें सम्मान और स्थान दोनों दिया। उन्होंने बताया कि भाजपा 13 अप्रैल से बूथ स्तर तक अंबेडकर विचारों के प्रचार-प्रसार में लगी है।
कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल गंगवार, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा, एम.एल.सी. बहोरन लाल मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, राकेश मिश्रा, पवन शर्मा, राजकुमार शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। संचालन भाजपा जिला महामंत्री मेघनाथ सिंह कठेरिया ने किया।