60 बार चालान, फिर भी नहीं सुधरे रोड के उस्ताद, अब ट्रैफिक पुलिस ने उठाया बड़ा डंडा

60 बार चालान, फिर भी नहीं सुधरे रोड के उस्ताद, अब ट्रैफिक पुलिस ने उठाया बड़ा डंडा
मो. अकमल खान, एसपी यातायात, बरेली।
HIGHLIGHTS:

1. चालकों पर बरसेगा नियमों का हंटर
2. 6 महीने में उड़ा डाली कानून की धज्जियां

बरेली। शहर की सड़कों पर "मैं ही कानून हूं का एटीट्यूड" लेकर फर्राटा भरने वाले वाहन चालकों की अब खैर नहीं। बरेली ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे रिकॉर्डधारी नियम तोड़कों के खिलाफ सख्त एक्शन की तैयारी कर ली है। किसी का चालान 30 बार तो किसी का 60 बार तक लेकिन न आदत बदली, न जुर्माना भरा। अब पुलिस ने आरटीओ को एक लिखित पत्र में लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन रद्द करने को कहा है।

ट्रैफिक पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक, बीते छह महीनों में 7000 से ज्यादा वाहन ऐसे हैं, जिनका तीन बार चालान किया गया। वहीं 3500 वाहन ऐसे भी हैं जिन पर चार बार और 2000 से ज्यादा जिन पर पांच बार चालान हुआ। पर ये तो कुछ भी नहीं करीब 1200 वाहन चालकों पर छह बार से ज्यादा चालान दर्ज हुए हैं। और तो और एक स्पेशल केस ऐसा भी है, जिसका 60 बार चालान हो चुका है।

एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि समझाने से नहीं सुधरते तो अब सख्ती ही सही। उन्होंने बताया कि ऐसे वाहन चालकों की सूची तैयार कर आरटीओ को भेजी जा रही है, ताकि उनके ड्राइविंग लाइसेंस और व्हीकल रजिस्ट्रेशन नंबर रद्द किए जा सकें। 

पुलिस का मानना है कि जब तक कुछ उदाहरण पेश नहीं किए जाएंगे, तब तक नियमों का उल्लंघन करने वालों को फर्क नहीं पड़ेगा। अब सख्त कार्रवाई से ये रोड के शेर भी सोचने पर मजबूर होंगे कि सड़कें दौड़ने के लिए हैं, कानून तोड़ने के लिए नहीं।