बम बम भोले! महाशिवरात्रि पर शिवमय हुई नाथ नगरी, शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
महाशिवरात्रि के अवसर पर नाथ नगरी शिवमय हो गई, जहां शिवालयों में भक्तों का आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालु पूजा अर्चना में लीन होकर भगवान शिव से आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
-
ब्रह्म मुहूर्त में ही श्रद्धालुओं की लगी लंबी-लंबी कतारें
-
कांवरियों ने भी किया गंगाजल समर्पित
बरेली। बम-बम भोले और हर-हर महादेव के गगनभेदी जयकारों के साथ पूरा शहर शिवमय हो उठा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नाथ नगरी के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही मंदिरों में जलाभिषेक और रुद्राभिषेक का सिलसिला जारी रहा। अलखनाथ मंदिर, त्रिवटीनाथ मंदिर, वनखंडीनाथ, मढ़ीनाथ, धोपेश्वरनाथ, पशुपतिनाथ और तपेश्वरनाथ मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। हर तरफ श्रद्धा, भक्ति और शिव के प्रति अटूट आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भक्तों ने व्रत रखकर दिनभर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और रात्रि जागरण में शिव महिमा का गुणगान किया। भोलेनाथ की भक्ति में डूबा बरेली सच में नाथ नगरी सा प्रतीत हो रहा था।
शिवालयों में उमड़ा आस्था का ज्वार
महाशिवरात्रि की रात से ही मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और शिव आराधना का दौर शुरू हो गया था। अलखनाथ मंदिर में आधी रात से ही भक्तों की कतारें लगनी शुरू हो गईं। त्रिवटीनाथ मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया जहां तड़के तीन बजे से जलाभिषेक प्रारंभ हुआ। श्रद्धालुओं ने गंगा जल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा और शहद से बाबा भोलेनाथ का अभिषेक किया।शहर के वनखंडी नाथ, मढ़ीनाथ, धोपेश्वरनाथ और तपेश्वर नाथ मंदिरों में भी शिव भक्तों का तांता लगा रहा। इन मंदिरों में रातभर भजन-कीर्तन के आयोजन चलते रहे। मंदिरों के बाहर लगे भंडारों में प्रसाद वितरण हुआ जहां शिव भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य अर्जित किया।
शिव भक्ति में डूबा शहर
इस बार महाशिवरात्रि पर शहर के प्रमुख मंदिरों को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों से सजाया गया था। शिवालयों में सुंदर झांकियों और विशेष आरती का आयोजन किया गया। जिससे भक्तों की श्रद्धा और भी गहरी हो गई। मंदिरों के बाहर लगे मेले में भोलेनाथ की तस्वीरें, पूजन सामग्री और शिव से जुड़े प्रतीकों की दुकानों पर भक्तों की भीड़ नजर आई।
शहर में निकाली शिव बारात, पुलिस रही मुस्तैद
महाशिवरात्रि पर बुधवार को भगवान शिव की भव्य बारात निकाली। यह बारात शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसका स्वागत करने के लिए चौराहों और तिराहों को फूलों और आकर्षक लाइटों से सजाया गया। बारात में शिव तांडव की झांकियां, नंदी पर विराजे शिव, भोलेनाथ के गण, डमरू वादकों की टोली लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। शिव भक्तों के उत्साह को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मंदिरों के आसपास विशेष निगरानी रखी गयी ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के भोलेनाथ के दर्शन कर सकें।