एनई रेलवे मेन्स कांग्रेस की डेलीगेट्स बैठक में कर्मचारियों के मुद्दों पर मंथन

इज्जतनगर में एनई रेलवे मेन्स कांग्रेस की डेलीगेट्स बैठक में प्रस्तावित स्थायी वार्ता (PNM) की तैयारियों, कर्मचारियों की समस्याओं, सुरक्षा, पदोन्नति और संगठन विस्तार पर चर्चा की गई।

एनई रेलवे मेन्स कांग्रेस की डेलीगेट्स बैठक में कर्मचारियों के मुद्दों पर मंथन
HIGHLIGHTS:

स्थायी वार्ता (PNM) की तैयारियों को लेकर डेलीगेट्स बैठक आयोजित।

कर्मचारियों की सुरक्षा, पदोन्नति और लंबित समस्याओं पर हुई चर्चा।

महिला विंग और युवा मोर्चा को मजबूत बनाने पर भी लिया गया निर्णय।

जन माध्यम । बरेली।
इज्जतनगर।
एन.ई. रेलवे मेन्स कांग्रेस, कारखाना मंडल इज्जतनगर की डेलीगेट्स बैठक सोमवार को अध्यक्ष देवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कारखाना इज्जतनगर में प्रस्तावित स्थायी वार्ता (पीएनएम) की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न शॉपों और शाखाओं से प्राप्त कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों पर विस्तार से चर्चा कर उन्हें वार्ता में प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए मंडल मंत्री रजनीश तिवारी ने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारी अपने-अपने कार्यस्थलों पर कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उन्हें संगठन के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास करें। उन्होंने संगठन की उपलब्धियों को कर्मचारियों तक पहुंचाने तथा सदस्यता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का भी आह्वान किया।

बैठक में कर्मचारियों की सुरक्षा एवं संरक्षा, कार्यस्थलों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, लंबित समस्याओं के निस्तारण तथा 30 जून 2026 तक पदोन्नत कर्मचारियों के सेवा अभिलेख (सर्विस रिकॉर्ड) शीघ्र अद्यतन कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके साथ ही कारखाना एवं भंडार डिपो में महिला विंग के गठन और युवा मोर्चा को अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने पर भी सहमति बनी।

मंडल मंत्री ने पदाधिकारियों से कर्मचारियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और निष्क्रिय पदाधिकारियों के संबंध में आवश्यक निर्णय लेने से संगठन पीछे नहीं हटेगा।

बैठक में उपाध्यक्ष जयेंद्र शेखर गुप्ता, दिनेश उपाध्याय, राजेश दीक्षित, सहायक मंडल मंत्री अनिल शर्मा, सहायक मंत्री प्रमोद यादव, प्रमोद सिंह, युवा मंत्री अर्पित कुमार, विनय कुमार, लव कुमार, कर्ण सिंह, मनोज यादव, कार्यालय मंत्री विजय आनंद, संगठन मंत्री राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, निहारिका श्रीवास्तव, रिमझिम दूबे, फातिमा, गंगा शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं डेलीगेट्स उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन कर्मचारियों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।