नवाबगंज में 'नशा मुक्त भारत' अभियान के तहत प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण
नवाबगंज के माया हॉस्पिटल में 'नशा मुक्त भारत' अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण हुआ। कार्यक्रम में लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
नवाबगंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण हुआ।
उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
डॉ. ए.के. गंगवार ने नशे के दुष्परिणामों पर जागरूक किया।
जन माध्यम
सेंथल। नवाबगंज स्थित माया हॉस्पिटल में रविवार को 'नशा मुक्त भारत' अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन का लाइव प्रसारण आयोजित किया गया। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने सहभागिता की और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना तथा समाज को नशे की बुराई से मुक्त कराने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने का संकल्प दोहराया। वक्ताओं ने युवाओं को नशे से दूर रखने और नशे की लत से प्रभावित लोगों को जागरूक कर मुख्यधारा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम से पूर्व वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. ए.के. गंगवार ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ और नशा मुक्त युवा ही सशक्त भारत की नींव हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में जनजागरूकता रैलियां, विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में अभियान चलाकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को नशे की बुराई से बचाना पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिलामंत्री अविनाश मिश्रा, जिला सहमंत्री कृष्ण अवतार शर्मा, जिला धर्म प्रसार प्रमुख सुरेश शर्मा, जिला समरसता प्रमुख प्रेम गंगवार, जिला गौ रक्षा प्रमुख बजरंग दल राजा महाजन, नगर अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, नगर मंत्री जितेंद्र चड्डा, प्रखंड अध्यक्ष नंदकिशोर गंगवार, प्रखंड उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह यादव, जिला संत संपर्क प्रमुख नरेंद्र सिंह, प्रखंड मंत्री सुंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सामाजिक लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर भारतीय जनता पार्टी की जिला मंत्री डॉ. मीनाक्षी गंगवार ने सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्त समाज और स्वस्थ युवा शक्ति के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प दिलाया।