मेरठ में योग दिवस पर 2500 लोगों ने किया योगाभ्यास
मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य आयोजन हुआ। राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर की उपस्थिति में 2500 से अधिक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।
• कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन हुआ।
• 2500 से अधिक प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
• राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने योग को भारत की वैश्विक पहचान बताया।
हशमे आलम/जन माध्यम
मेरठ। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला प्रशासन और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर मौजूद रहे। उन्होंने भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में 2500 से अधिक प्रतिभागियों ने सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान योग के दैनिक जीवन में महत्व और स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
इस वर्ष योग दिवस की थीम "योग फॉर हेल्दी एजिंग" यानी "स्वस्थ आयु के लिए योग" रही। थीम को सफल बनाने के लिए विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा गया।

मुख्य अतिथि डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा और संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। आज पूरा विश्व योग दिवस को उत्साह के साथ मना रहा है, जो भारत के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि योग को वैश्विक स्तर पर मिली पहचान देश की सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक है।
जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आह्वान पर जनपद के सभी ग्राम पंचायतों, तहसीलों, ब्लॉकों, नगर निगम, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील करते हुए कहा कि "करेंगे योग, रहेंगे निरोग"।

कार्यक्रम में सांसद अरुण गोविल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधायक अमित अग्रवाल, विधायक गुलाम मोहम्मद, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, एमएलसी अश्वनी त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।